
Uttarakhand Election | EVM VVPAT | Assembly Election 2027 : उत्तराखंड में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज होने जा रही हैं। निर्वाचन विभाग 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की जांच शुरू करेगा। इसके बाद नवंबर में भारत निर्वाचन आयोग की टीम प्रदेश पहुंचकर चुनावी तैयारियों का जायजा ले सकती है।

ईवीएम और वीवीपैट की जांच जिला स्तर पर जिलाधिकारियों की निगरानी में होगी। इस दौरान मशीनों की कार्यक्षमता और तकनीकी स्थिति की जांच की जाएगी। प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों के तकनीकी विशेषज्ञों के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय निर्वाचन आयोग की टीम 15 नवंबर के आसपास उत्तराखंड का दौरा कर सकती है। इस दौरान प्रदेश में चुनाव की तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जाएगी।
टीम संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति पर भी जानकारी ले सकती है। इसके साथ ही पुलिस विभाग से चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करना भी निर्वाचन विभाग के लिए अहम काम होगा। खबर के मुताबिक नवंबर के पहले सप्ताह से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इसके जरिए मतदाता सूची की जांच और जरूरी संशोधन किए जाएंगे।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं….लेकिन चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। तारीखों का ऐलान भारत निर्वाचन आयोग ही करेगा। फिलहाल ईवीएम-वीवीपैट की जांच, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और आयोग के प्रस्तावित दौरे के जरिए चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने कहा कि आयोग की टीम पहले भी देहरादून आकर चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर चुकी है। अब एक बार फिर टीम के आने और ईवीएम व वीवीपैट की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।



