
Harak Singh Rawat | Harish Rawat | Uttarakhand Congress : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की अंदरूनी सियासत एक बार फिर चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हालिया बयानों के बीच पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने वर्ष 2016 में कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले को सही ठहराया है। हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्हें उस समय उठाए गए कदम पर आज भी कोई पछतावा नहीं है। उनके इस बयान से कांग्रेस में पुराने मतभेद एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में हरक सिंह रावत ने वर्ष 2016 के घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पा रही थी। इसी वजह से उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया था।
हरक सिंह रावत के मुताबिक उस समय मंत्रिमंडल की दो खाली सीटों को भरने और एक वरिष्ठ नेता को राज्यसभा भेजने जैसे मुद्दों पर मतभेद थे। उन्होंने कहा कि वह जनता और प्रदेश के हितों से समझौता नहीं कर सकते। अगर इसके लिए उन्हें किसी राजनीतिक दल के खिलाफ भी खड़ा होना पड़े…तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
हरक सिंह रावत के इस बयान को वर्ष 2016 में कांग्रेस से उनकी बगावत के फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि उस समय पार्टी छोड़ने का उन्हें कोई मलाल नहीं है।
हरक सिंह रावत के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में जो घटनाक्रम हुआ वह सही था या गलत इसका फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है।
हरीश रावत की इस प्रतिक्रिया के बाद कांग्रेस के पुराने राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि दोनों नेताओं के बीच मौजूदा समय में किसी नए विवाद की स्थिति है या नहीं इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
उत्तराखंड की राजनीति में वर्ष 2016 का घटनाक्रम कांग्रेस के लिए बड़ा झटका था। उस समय हरीश रावत मुख्यमंत्री थे। बजट सत्र के दौरान कांग्रेस के नौ विधायकों ने बगावती रुख अपना लिया था। इस घटनाक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और हरक सिंह रावत की अहम भूमिका रही थी।
बाद में बागी विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया। इनमें कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, शैला रानी रावत, उमेश शर्मा काऊ, शैलेंद्र मोहन सिंघल और अमृता रावत समेत अन्य विधायक शामिल थे। इस बगावत के कारण राज्य में राजनीतिक और संवैधानिक संकट खड़ा हो गया था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार की स्थिरता पर भी सवाल उठे थे।
उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बयान पार्टी की अंदरूनी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। पार्टी के सामने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की चुनौती है।
एक तरफ हरीश रावत के हालिया बयानों को लेकर राजनीतिक चर्चा हो रही है…तो दूसरी तरफ हरक सिंह रावत ने वर्ष 2016 में कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले पर फिर अपना पक्ष रखा है। अब देखना होगा कि चुनाव से पहले पुराने घटनाक्रम और नेताओं के बयान कांग्रेस की राजनीति पर कितना असर डालते हैं।



