Uttarakhand News

उत्तराखंड में चुनाव OVER अब UP की बारी, सीएम धामी समेत बड़े नेताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

देहरादून: देवभूमि में विधानसभा चुनाव निपटने के बाद इंतजार बस नतीजों का रह गया है। ऐसे में उत्तराखंड के भाजपा के नेताओं को अब जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की मिल सकती है। माना जा रहा है कि कुछ ही दिनों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्टार प्रचारक के रूप में उत्तर प्रदेश जाने वाले हैं। उनके अलावा भाजपा ने कार्यकर्ताओं की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। अब क्योंकि उत्तराखंड में चुनाव निपट गए हैं इसलिए उत्तर प्रदेश चुनाव पर भाजपा की नजर है। अब उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भेजने की तैयारी में जुट गई है। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड के नेताओं को उन जगहों पर भेजा जाएगा, जहां पर उत्तराखंड मूल के लोगों की संख्या ज्यादा है।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी दिल्ली पहुंच गए हैं। गुरुवार शाम को रुद्रपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। कहा जा रहा है कि इस दौरान में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को विधानसभा चुनाव के संबंध में फीडबैक भी देंगे। जिसके बाद वह उत्तर प्रदेश के दौरे पर जा सकते हैं। भाजपा उन्हें स्टार प्रचारक के रूप में उतारने का प्लान बना रही है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए कमर कस ली है। कुल 80 कार्यकर्ताओं की सूची केंद्र नेतृत्व को भेज दी गई है। जिसमें विधानसभा क्षेत्रों की विस्तारक से लेकर विधायक, मंत्री और प्रांतीय पदाधिकारी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में यह सभी चुनाव प्रबंधन में जुटेंगे।

To Top