Uttarakhand News

धामी कैबिनेट की बैठक खत्म, MBBS इंटर्न की स्टाइपेंड में बढ़ोतरी

Ad

Uttarakhand: Cabinet: Intern:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को देहरादून में राज्य कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 10 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंसीधर तिवारी ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से दी।

कैबिनेट ने उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) की वार्षिक रिपोर्ट को विधानसभा के सदन में रखने की अनुमति प्रदान की। इसके साथ ही उत्तराखंड कारागार सुधार विभाग में अपर निदेशक के एक पद के सृजन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

सरकारी अधिवक्ताओं को मिलने वाले शुल्क के पुनर्निर्धारण को लेकर गठित कमेटी की रिपोर्ट को भी कैबिनेट ने स्वीकृति दे दी। वहीं, खाद्य विभाग के अंतर्गत सुधार कार्यक्रम में सीधी भर्ती के पदों से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

MBBS इंटर्न की स्टाइपेंड में बढ़ोतरी

कैबिनेट बैठक में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों में आंदोलन कर रहे MBBS इंटर्न के स्टाइपेंड को 17 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने का फैसला लिया गया। इस निर्णय से मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा लाभ

शिक्षा विभाग के अंतर्गत व्यायाम शिक्षक के 35 पद खेल विभाग के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इन पदों को पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आरक्षित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा खेल नीति-2021 के तहत आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के लिए विभिन्न विभागों में 200 से अधिक पद स्वीकृत किए गए हैं।

मसूरी रोपवे परियोजना के तहत भूमि हस्तांतरण

कैबिनेट ने पुरुकुलगांव में निर्माणाधीन मसूरी रोपवे परियोजना से जुड़े भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके तहत गढ़वाल सभा के भवन के निर्माण का रास्ता भी साफ होगा।

हरिद्वार में बनेगा ESI अस्पताल

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के तहत हरिद्वार में ESI अस्पताल बनाए जाने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इससे औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार की ओर से इन कार्यक्रमों के जरिए जनसेवा और विभागीय योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top