Dehradun News

जनगणना 2027: स्वगणना में आ रही दिक्कतें? अब इस नंबर पर करें कॉल, मिलेगी मदद

Ad

Census 2027 : Uttarakhand News : Self Enumeration : उत्तराखंड में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार लोगों को जनगणना से जुड़ी जानकारी देने और ऑनलाइन स्वगणना में मदद करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जनगणना निदेशालय ने WhatsApp चैटबॉट के तीन नंबर और एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अब लोग घर बैठे स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे और किसी तरह की परेशानी होने पर सीधे सहायता भी ले सकेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने मंगलवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनगणना के लिए कुल 34,443 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इस काम के लिए 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

स्वगणना और जनगणना से जुड़ी जानकारी के लिए निदेशालय ने ये संपर्क नंबर जारी किए हैं।

WhatsApp चैटबॉट: 18001801855

WhatsApp नंबर: 9456120332

WhatsApp नंबर: 9456551589

हेल्पलाइन नंबर: 1855

इन नंबरों के जरिए नागरिक जनगणना से जुड़ी जानकारी और स्वगणना में सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

जनगणना के लिए प्रदेशभर में बड़े स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर भी लगाए गए हैं।

इसके अलावा सरकारी डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के जरिए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन स्वगणना के प्रति जागरूक किया जाएगा। निजी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की जाएगी।

जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें परिवार के सदस्यों का नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी शामिल होगी।

इसके अलावा आर्थिक गतिविधियों, जन्म स्थान, निवास स्थान और प्रवास के कारणों के बारे में भी पूछा जाएगा।

अधिसूचित प्रावधानों के तहत बैंक खातों की संख्या और मोबाइल, आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी।

अगर आप खुद अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करना चाहते हैं तो इसके लिए ये प्रक्रिया अपनानी होगी।

सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाएं।

वेबसाइट पर स्वगणना के लिए रजिस्ट्रेशन करें।

अपना राज्य और भाषा चुनें। भाषा का चयन सावधानी से करें..क्योंकि एक बार चुनने के बाद इसे बदला नहीं जा सकेगा।

परिवार के मुखिया का नाम और भवन गणना के दौरान दर्ज मोबाइल नंबर भरें। जरूरत पड़ने पर दूसरा मोबाइल नंबर भी दिया जा सकता है।

मोबाइल पर आए OTP को दर्ज कर सत्यापन करें।

इसके बाद डिजिटल मैप खुलेगा। इसमें अपना जिला और क्षेत्र चुनकर निवास स्थान का चयन करें।

अब परिवार से जुड़े 40 सवालों के जवाब दर्ज करें।

सभी जानकारियों को एक बार अच्छी तरह जांच लें। अंतिम पुष्टि के बाद जानकारी में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।

स्वगणना पूरी होने के बाद परिवार के मुखिया को एक विशेष आईडी मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इसके बाद प्रगणक इसकी पुष्टि करेंगे।

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत लोगों की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इन आंकड़ों का इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय और जनहित से जुड़े उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

डिजिटल माध्यम से जानकारी जुटाने के दौरान डेटा की सुरक्षा के लिए एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

जनगणना अभियान में प्रदेश में मौजूद विदेशी नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए 1 से 4 जनवरी तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान होटल, आश्रम, रिजॉर्ट और अन्य स्थानों पर ठहरे विदेशी नागरिकों के साथ विदेश से अपने घर लौटे लोगों की भी गणना की जाएगी।

वहीं बेघर लोगों की गणना के लिए 4 जनवरी को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान चौराहों, पुलों और फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए प्रगणक पहले से ही ऐसे स्थानों को चिह्नित करेंगे।

जनगणना निदेशक ने बताया कि 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दौरान संबंधित अवधि में हुए जन्म और मृत्यु के मामलों को भी दर्ज किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना के काम के दौरान आचार संहिता लागू होने की संभावना कम है। उनके मुताबिक पहले ऐसा कोई उदाहरण सामने नहीं आया है।

निदेशालय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनगणना कर्मचारियों को सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top