
Rishikesh Tourist Misbehavior Case | Local Crowd Beating Video | Uttarakhand News : ऋषिकेश में हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कार में सवार युवकों पर महिला से छेड़छाड़ और अश्लील इशारे करने का आरोप लगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच सड़क पर विवाद शुरू हो गया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम काली की ढाल इलाके में हरिद्वार की ओर से आ रही एक कार पेट्रोल पंप के पास धीमी हुई। उसी दौरान एक महिला ने आरोप लगाया कि कार में बैठे दो युवकों ने अश्लील इशारे किए और उसे परेशान करने की कोशिश की। यह बात आसपास मौजूद लोगों को पता चली तो उन्होंने युवकों का विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया। स्थानीय लोग और पर्यटक आमने-सामने आ गए। गुस्साए लोगों ने कार पर पत्थर फेंके…जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। इसके बाद दोनों युवकों की जमकर पिटाई की गई। मारपीट में एक युवक घायल हो गया…जबकि दूसरे के कपड़े भी फट गए।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवकों को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और दोनों पर्यटकों को अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया।
पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है।






