Haridwar News

उत्तराखंड: मां को रास्ते से हटाने के लिए बेटी ने प्रेमी संग रची साजिश, ऐसे हुआ भंडाफोड़

Ad

Crime | Roorkee | Haridwar : हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर किनारे मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने महज 18 घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसकी सौतेली बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक 18 अगस्त को मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर किनारे एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। महिला के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले।

जांच में पता चला कि मृतका की सौतेली बेटी का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। बताया गया कि महिला इस रिश्ते से खुश नहीं थी और बेटी को समझाती रहती थी। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर बेटी और उसके प्रेमी ने महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस का कहना है कि सौतेली बेटी अपने प्रेमी के साथ ब्रेजा कार से महिला को मंदिर ले जाने के बहाने घर से लेकर निकली थी। रास्ते में दोनों ने महिला पर हमला किया और धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलौर गंगनहर पुल के पास फेंकने की कोशिश की गई…लेकिन शव नहर में पूरी तरह नहीं जा सका और किनारे पर ही अटक गया।

शव मिलने के बाद पुलिस ने पहचान के प्रयास तेज किए और जांच को आगे बढ़ाया। आखिरकार पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतका की सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हत्याकांड का खुलासा किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top