Election Talks

उत्तराखंड में आज शाम 6 बजे थम जाएगा प्रचार अभियान, आखिरी दिन वोट मांगने की लगी होड़

हल्द्वानी: प्रदेश में पांचवीं विधानसभा के लिए चुनाव आयोजित किए जाने हैं। 14 फरवरी को प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होना है। जिसके लिए प्रचार अभियान जारी है। मगर ये अभियान 12 फरवरी की शाम 6:00 बजे तक ही जारी रहेगा। इसके बाद प्रचार अभियान बंद किया जाएगा। मतदाताओं को रिझाने के लिए आखरी दिन कड़ी मेहनत की जा रही है।

क्योंकि आज प्रचार अभियान का आखरी दिन है। इसलिए कांग्रेस भाजपा समेत सभी राजनीतिक दलों के बड़े-बड़े महारथी चुनाव प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी की कमान खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभाल रखी है। वह आज रुद्रपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। बीते दिन पीएम मोदी ने अल्मोड़ा में भी जनसभा को संबोधित किया था।

इसके अलावा कांग्रेस की कमान पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के हाथों में है। वह आज हल्द्वानी और खटीमा में जनसभा करने वाली हैं। गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले ही चुनाव प्रचार को रोक दिया जाता है। ऐसे में जनसभा, रोड शो, खुला प्रचार आदि पर पाबंदी लगा दी जाती है।

हालांकि प्रत्याशियों को एक राहत रहती है। वह यह कि वे बिना ध्वनि विस्तारक यंत्रों के 5 लोगों से कम संख्या में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार को भी शाम 6:00 बजे के बाद तमाम विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी इसी तरह से वोट साधने की कोशिश करेंगे।

To Top