
Rudraprayag : Landslide : Uttarakhand : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तिमली-बड़मा मोटर मार्ग पर बड़ा भूस्खलन हो गया। अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा…जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क बंद होने से करीब 80 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के चलते पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गए। इसके कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। सड़क बंद होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, छात्रों के स्कूल-कॉलेज जाने और ग्रामीणों की दैनिक जरूरतों पर असर पड़ा है। किसानों को भी अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद से यह इलाका हर मानसून में भूस्खलन की चपेट में आ जाता है। कई बार स्थायी समाधान की मांग उठ चुकी है….लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे हर बारिश के मौसम में ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। विभाग का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने पर जल्द से जल्द सड़क को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार इस संवेदनशील क्षेत्र के स्थायी सुरक्षा कार्य के लिए करीब 26 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद स्थायी उपचार का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल विभाग की प्राथमिकता सड़क से मलबा हटाकर आवाजाही बहाल करना है।
स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि इस क्षेत्र के स्थायी समाधान के लिए जल्द निर्णय लिया जाए….ताकि हर वर्ष मानसून के दौरान ग्रामीणों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।






