
ChampawatAccident | RoadAccident | UttarakhandNews : उत्तराखंड के चंपावत जिले में पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरोड़ा खान और बंतोली के बीच एक नई कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 से 350 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद वाहन में आग लग गई…जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी एक परिवार नई खरीदी गई टाटा पंच कार से हल्द्वानी से अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन हाल ही में खरीदा गया था और परिवार पहली बार उसे लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान लोहाघाट क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के समय वाहन में सवार महिला नीतू देवी, उनकी आठ वर्षीय बेटी अक्षिता और पांच वर्षीय बेटा आरव झटके से वाहन से बाहर जा गिरे…जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार चल रहा है।
वहीं वाहन में फंसे दो लोगों की जान नहीं बच सकी। मृतकों में सीआरपीएफ जवान बलदेव कुमार और उनके चचेरे भाई राजेंद्र कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि खाई में गिरने के बाद वाहन में आग लग गई…जिससे दोनों बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।






