
Almora | LeopardAttack | Uttarakhand : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुलदार के हमले का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्याल्दे ब्लॉक के बबलिया ग्राम पंचायत के मयाल तोक में गुरुवार शाम घास लेने गई एक 22 वर्षीय युवती पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई…लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और दराती की मदद से गुलदार का सामना किया।
जानकारी के अनुसार हर सिंह कत्यूरा की बेटी सुनीता घर से कुछ दूरी पर मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद सुनीता ने जोर-जोर से शोर मचाया और दराती से अपना बचाव करती रही।
युवती की चीख सुनकर ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों का शोर सुनते ही गुलदार जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद घायल युवती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट ले जाया गया…जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाने तथा पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही वन कर्मियों ने गांव और आसपास के इलाकों में गश्त भी बढ़ा दी है।
लगातार हो रही वन्यजीव घटनाओं के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।






