
GlobalInvestorsSummit | UttarakhandNews | CyberCrime : उत्तराखंड में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 और राज्य में निवेश को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। उद्योग निदेशालय की शिकायत पर देहरादून के राजपुर थाने में आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उद्योग निदेशालय का आरोप है कि एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ लोग ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और राज्य में पूंजी निवेश को लेकर गलत और भ्रामक जानकारी साझा कर रहे हैं। शिकायत में कामरान समेत अन्य लोगों का नाम भी शामिल किया गया है।
उद्योग निदेशालय के अपर निदेशक मृत्युंजय सिंह ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भेजी थी। शिकायत में कहा गया कि राज्य सरकार ने आर्थिक विकास को गति देने, निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का आयोजन किया था।
निदेशालय का कहना है कि समिट और राज्य में निवेश को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार ऐसी सामग्री साझा की जा रही है….जिसे विभाग ने असत्य और भ्रामक बताया है। विभाग को आशंका है कि इस तरह की पोस्ट से निवेशकों के बीच भ्रम और अविश्वास की स्थिति बन सकती है।
शिकायत में पुलिस से मामले की साइबर और तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही भ्रामक पोस्ट साझा करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।
उद्योग निदेशालय का कहना है कि राज्य में निवेश के माहौल और निवेशकों के भरोसे को बनाए रखना जरूरी है। इसी वजह से मामले में पुलिस से कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
राजपुर थाने में आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी देवेंद्र चौहान को सौंपी गई है।
अब पुलिस सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट, संबंधित अकाउंट और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी।



