
Haridwar Kumbh | PWD Team | Kankhal : कुंभ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की टीम के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़े इलाके में अतिक्रमण की पहचान और प्रस्तावित मार्ग के लिए चिन्हीकरण करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम के काम का विरोध किया और विवाद बढ़ गया।
पीडब्ल्यूडी के अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती ने कनखल कोतवाली में शिकायत देकर कुछ लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार कुंभ मेले की तैयारियों को देखते हुए कनखल क्षेत्र में विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग का चिन्हीकरण किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत टीम इंदिरा बस्ती क्षेत्र में अतिक्रमण की मार्किंग करने पहुंची थी।
आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने टीम के काम का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। शिकायत में ईंट और पत्थर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है।
पीडब्ल्यूडी की शिकायत के मुताबिक विवाद के दौरान अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती, अमीन मेनपाल सिंह, सपना रतूड़ी और वाहन चालक वीरेंद्र को चोटें आई हैं। टीम को अपना काम बीच में रोकना पड़ा।
विभाग की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान सरकारी रिकॉर्ड, डायरी और जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज छीन लिए गए। मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों और विभागीय टीम के बीच विवाद और मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने कहा कि टीम अतिक्रमण की मार्किंग के लिए गई थी और वहां कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कनखल कोतवाली के एसएसआई अनुज सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






