
Uttarakhand Weather Rain Hailstorm Orange Alert Thunderstorm IMD Update Today | उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में जहां आंशिक बादलों की आवाजाही बनी हुई है वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में घने बादलों के साथ बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला देखने को मिला। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बौछारें भी दर्ज की गईं।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है…जिससे प्रदेश में हल्की ठंडक फिर लौट आई है।
आज भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कई स्थानों पर गरज के साथ ओलावृष्टि, तेज अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
शनिवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह तेज धूप खिली रही…लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और हल्की हवाओं के साथ बादल छा गए। शाम होते-होते कुछ इलाकों में बूंदाबांदी और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
वहीं रुद्रप्रयाग और चमोली में दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई…जबकि टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलीं। कुमाऊं क्षेत्र के पर्वतीय इलाकों में भी तेज बौछारों का दौर देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी स्थिति ऐसी ही बनी रह सकती है। सोमवार को देहरादून, नैनीताल सहित सात जिलों में बारिश के तेज दौर, अंधड़, ओलावृष्टि और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है…जिससे मौसम और अधिक ठंडा महसूस किया जा रहा है।






