
Haridwar | CrimeNews | Uttarakhand : हरिद्वार जिले की बहादराबाद पुलिस ने करीब पांच महीने पहले हुई एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार मामला 4 फरवरी 2026 का है। महिला के भाई ने बहादराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन को उसके पति ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया। जांच रिपोर्ट में महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच की। जांच में आरोपी पति की भूमिका सामने आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।
शनिवार को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर भागने की कोशिश में बढ़ेड़ी राजपूताना हाईवे पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। पुलिस का आरोप है कि इसी कारण उसने जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।






