
Laksar Crime | Interfaith Marriage | Religious Conversion : हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में एक युवक पर छत्तीसगढ़ की एक महिला को अपने साथ लाने, धर्म परिवर्तन कराने और निकाह करने का आरोप लगा है। मामले की जानकारी युवक की पहली पत्नी को हुई तो उसने इसका विरोध किया और पुलिस से शिकायत की।
जानकारी के मुताबिक लक्सर क्षेत्र का एक युवक वर्ष 2025 में गन्ने की चरखी पर काम करने के लिए छत्तीसगढ़ गया था। वहां उसकी एक महिला से पहचान हुई। आरोप है कि युवक महिला को दिसंबर 2025 में अपने साथ लक्सर स्थित घर ले आया।
कलियर में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
आरोप है कि लक्सर आने के बाद युवक महिला को कलियर ले गया। वहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और इसके बाद मौलवी के माध्यम से दोनों का निकाह कराया गया। महिला का नाम भी बदले जाने का आरोप है।
बताया गया कि इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। युवक की पहली पत्नी को जब इस मामले की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया। आरोप है कि युवक ने उसकी बात नहीं मानी…जिसके बाद पहली पत्नी ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों ने भी पुलिस को दी तहरीर
मामले की जानकारी मिलने के बाद कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी लक्सर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर युवक और मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे मामले की जांच करेगी।






