
Lieutenant Bireshwar Goswami | Indian Army | Rajouri Operation | Uttarakhand News | Almora News : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सेना के एक विशेष सर्च अभियान के दौरान अल्मोड़ा के युवा सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का निधन हो गया। उनके बलिदान की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार राजौरी के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में आतंकियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी दुर्घटनावश गहरी खाई में गिर गए। वह सेना की 5 असम रेजिमेंट में तैनात थे…और अभियान का नेतृत्व कर रहे थे।
रविवार को उनका पार्थिव शरीर सेना के विमान से पंतनगर लाया गया…जिसके बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से अल्मोड़ा पहुंचाया गया। सैन्य अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जब तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर उनके पांडेखोला स्थित आवास पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
अंतिम यात्रा के दौरान सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूरे सैन्य सम्मान के साथ विश्वनाथ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने वर्ष 2023 में संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा उत्तीर्ण की थी। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जून 2024 में उन्हें सेना में कमीशन मिला था। बताया जा रहा है कि उत्कृष्ट सेवाओं के चलते उन्हें जल्द ही कैप्टन पद पर पदोन्नत किया जाना था।
बीरेश्वर मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के बाड़ी गांव के निवासी थे। उनका परिवार वर्तमान में पांडेखोला में रहता है। उनके पिता प्रशासनिक सेवा में हैं…जबकि माता शिक्षिका हैं।
उनके बलिदान से पूरे उत्तराखंड और अल्मोड़ा क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए देश के लिए उनके योगदान को नमन किया।






