Uttarakhand News

पांच साल बाद युवाओं को मिलेगा खास मौका, उत्तराखंड पुलिस में 1521 पदों पर होगी सीधी भर्ती

देहरादून: पुलिस में भर्ती होने का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। प्रदेशवासियों के लिए इस लिहाज से अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल काफी वक्त के बाद उत्तराखंड पुलिस सीधी भर्ती की तैयारियां कर रही है। पुलिस विभाग और फायर ब्रिगेड में कांस्टेबलों के 1521 पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। बता दें कि उक्त भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय ने उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग को अधियाचन भेज दिया है।

गौरतलब है कि पुलिस विभाग में लंबे समय से कांस्टेबलों की सीधी भर्ती नहीं हुई है। पद खाली ना होना भी इसका एक बड़ा कारण रहा। इसके अलावा बीते कुछ समय से रैंकर्स भर्ती का मामला भी अधर में लटका हुआ था। जिस कारण भर्ती के लिए फैसला हो ही नहीं पाया। आंकड़ों पर जाएं तो पिछले पांच सालों से उत्तराखंड में पुलिस कांस्टेबलों की सीधी भर्ती नहीं हुई।

यही कारण है कि पुलिस विभाग में निचले स्तर पर पुलिसकर्मियों की काफी कमी है। भर्ती न होने के कारण युवा वर्ग भी खासा परेशान रहा। जिन युवाओं को भर्ती का इंतजार था, उन्हें काफी निराशा झेलनी पड़ी। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कई बार भर्ती होने की पैरवी करते हुए कई बार शासन को प्रस्ताव भेजा लेकिन भर्ती का मामला लगातार लटकता आ रहा था। मगर अब ऐसा नहीं होगा।

अब उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबलों के 1521 पदों पर सीधी भर्ती की तैयारियो में जुट गई है। बता दें कि कांस्टेबल की सीधी भर्ती से पुरुष के 785, पीएसी व आइआरबी (पुरुष) के 291, फायरमैन के 445 (पुरुष व महिला) पद के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से अधियाचन आयोग को भेजा गया है। डीजीपी अशोक कुमार के मुताबिक 1521 रिक्त पदों की भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग को अधियाचन भेजा गया है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

To Top