Dehradun News

लड़कियों के लिए खुशखबरी! उत्तराखंड पुलिस में बढ़ेंगी महिला कॉन्स्टेबल की सीटें

Ad

Uttarakhand Police | Women Constables | Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड पुलिस में महिला आरक्षियों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत पदों की संख्या मौजूदा 526 से बढ़ाकर 2000 करने की तैयारी है।

ADVERTISEMENTS Ad

इस प्रस्ताव के तहत महिला आरक्षियों के लिए 1474 अतिरिक्त पदों की व्यवस्था की जाएगी। ये पद अन्य संवर्गों और पुलिस की विभिन्न शाखाओं में स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है। यानी कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाए बिना ही महिला आरक्षियों के पद बढ़ाने की योजना है।

इस फैसले का एक अहम पहलू पहले से कार्यरत अधिसंख्य महिला आरक्षियों का समायोजन है। जानकारी के मुताबिक वर्तमान में 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियां कार्यरत हैं। इनके समायोजन और भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।

कार्मिक विभाग ने इस व्यवस्था पर बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के आगे बढ़ने की शर्त के साथ सहमति दी है। इसके तहत महिला आरक्षियों के समायोजन के साथ उनके करियर में आगे बढ़ने के अवसरों पर भी ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को बेहतर सेवा अवसर देना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।

सीएम धामी ने यह भी कहा कि सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर समय से निर्णय लेने की बात कही।

इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब महिला आरक्षियों के पदों में बढ़ोतरी, मौजूदा कर्मियों के समायोजन और पदोन्नति के अवसरों से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top