
Haridwar News | Lightning Strike | Uttarakhand Rain News : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। सिडकुल थाना क्षेत्र के डालूवाला मज़बता गांव में खेत में काम कर रहे दो मौसेरे भाइयों की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान नरेंद्र सिंह उर्फ नगीन (55) निवासी डालूवाला मज़बता और रणधीर सिंह (38) निवासी खालाटीरा गांव के रूप में हुई है। दोनों मौसेरे भाई थे। रणधीर की शादी डालूवाला मज़बता गांव में हुई थी और वह उस समय अपने रिश्तेदार के साथ खेत में काम कर रहा था।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज गर्जना और बारिश के बीच आकाशीय बिजली खेत में गिर गई…जिसकी चपेट में दोनों आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी अजय शाह ने कहा कि शुरुआती जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली गिरना माना जा रहा है। हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
हादसे की सूचना जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी दे दी गई है। प्रशासन की ओर से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद डालूवाला मज़बता और खालाटीरा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






