Uttarakhand News

बधाई दीजिए…बेटियों ने किया उत्तराखंड का सपना पूरा, वनडे में चैंपियन बनी अंडर-19 महिला टीम

Ad

देहरादून: सोमवार का दिन उत्तराखंड के लिए खास बन गया है। इसे देवभूमि की बेटियों ने खास बनाया है। साल 2018 में घरेलू क्रिकेट खेलने की शुरुआत करने वाली उत्तराखंड अंडर-19 महिला टीम ने वनडे ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। उत्तराखंड अंडर-19 महिला टीम ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई है। बता दें कि इससे पहले आजतक क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की किसी भी टीम ने कोई खिताब अपने नाम नहीं किया था। सभी क्रिकेट फैंस के लिए यह एक भावुक पल है।

ADVERTISEMENTS Ad

उत्तराखंड महिला अंडर-19 टीम ने फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश को 8 विकेट से हराया। टॉस जीतकर उत्तराखंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था जो सही साबित हुआ। उत्तराखंड के गेंदबाजों ने मध्यप्रदेश को 102 रनों पर ऑल आउट कर दिया। मध्यप्रदेश के लिए सर्वाधिक कल्याणी जादव ने 24 रनों की पारी खेली। इसके अलावा सौम्या तिवारी ने 18 रन बनाए। उत्तराखंड के लिए गेंदबाजी में कप्तान पूजा राज ने तीन, निशा मिश्रा, साक्षी और राघवी को दो-दो विकेट और मीनाक्षी को एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही, 19 रनों पर उसने अपने दो विकेट खो दिए थे लेकिन इसके बाद ज्योति गिरी और नीलम भारद्वाज के बीच हुई साझेदारी ने उत्तराखंड अंडर-19 महिला टीम को चैंपियन बना दिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई। नीलम ने नाबाद 56 रन बनाए तो वहीं ज्योती गिरी ने नाबाद 26 रनों की पारी खेली।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top