
Roorkee News | Women Empowerment Uttarakhand | Gram Pradhan Story | UK Board Result | Inspirational News : जिम्मेदारियों के बीच सपनों को जिंदा रखना क्या होता है यह रुड़की की ग्राम प्रधान इसराना ने साबित कर दिया है। गांव की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 78.8 प्रतिशत अंक हासिल कर सबको चौंका दिया।
टोडा कल्याणपुर अहतमाल गांव की प्रधान इसराना की यह सफलता अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। 35 साल की उम्र में पढ़ाई जारी रखना और अच्छे अंक लाना आसान नहीं होता…लेकिन उन्होंने अपने मजबूत इरादों से यह कर दिखाया।
उन्होंने रुड़की के चौधरी बालचंद सैनी इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा पास की। दिनभर पंचायत और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के बाद भी उन्होंने पढ़ाई के लिए समय निकाला।
इसराना का कहना है कि अगर परिवार साथ दे तो महिलाएं किसी भी मुकाम तक पहुंच सकती हैं। उनकी इस सफलता के पीछे उनके पति और उपप्रधान अब्दुल वाजिद का बड़ा सहयोग रहा…जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
इसराना मानती हैं कि शिक्षा ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है और समाज में सम्मान दिलाती है। यही वजह है कि अब वे अन्य महिलाओं को भी पढ़ाई के लिए प्रेरित कर रही हैं।
उनकी यह उपलब्धि सिर्फ एक परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं है…बल्कि यह संदेश भी देती है कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती।






