
Uttarakhand Weather | Heavy Rain Alert | Orange Alert : उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में भी भारी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग ने 2 सितंबर तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार अगस्त के आखिरी दिनों और सितंबर की शुरुआत में नए कम दबाव वाले मौसमी सिस्टम बनने का असर उत्तराखंड में देखने को मिल सकता है। इसके चलते बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है।
रविवार को आठ जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा चंपावत, ऊधम सिंह नगर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बारिश का दौर तेज से बेहद तेज होने की आशंका जताई गई है। आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सोमवार को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
सोमवार को मौसम और ज्यादा खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर बेहद तेज बारिश होने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
दून में बारिश से जलभराव
देहरादून में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के बाद शनिवार शाम भी जोरदार बारिश हुई। करीब दो घंटे की बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। बारिश के कारण आसपास की नदियों और नालों का जलस्तर भी बढ़ गया।
मध्य सितंबर से मानसून की विदाई की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार नए मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि सितंबर के मध्य से उत्तराखंड में मानसून की विदाई की प्रक्रिया धीरे-धीरे शुरू होने की संभावना है।
बारिश के दौरान लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।






