Dehradun News

उत्तराखंड: कचरा उठाने वाली महिलाओं को मिला नया सहारा, अब गांवों में और तेज होगा सफाई अभियान

Ad

Environment Sakhi | Waste Management | Dehradun : रायपुर विकासखंड के गांवों में कचरा संग्रहण और प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पर्यावरण सखियों को कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया गया है। यह पहल एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स की ओर से चलाए जा रहे ‘Waste No More in Dehradun’ प्रोजेक्ट के तहत की गई है।

इस योजना के माध्यम से रायपुर विकासखंड की 16 ग्राम पंचायतों में पर्यावरण सखी मॉडल के जरिए कचरा प्रबंधन किया जा रहा है। पर्यावरण सखियां पहले से ई-लोडर की मदद से घर-घर जाकर सूखा कचरा एकत्र कर रही हैं।

अब नए वाहन की मदद से कचरे को घरों से उठाने और उसे सुरक्षित तरीके से निर्धारित केंद्र तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे अधिक घरों तक नियमित कचरा संग्रहण की सुविधा पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

10 महिलाएं संभाल रही हैं जिम्मेदारी

पर्यावरण सखी समूह में स्थानीय स्तर की 10 महिलाएं शामिल हैं। ये महिलाएं घर-घर से सूखा कचरा एकत्र करने के बाद उसे धनौला स्थित केंद्र तक पहुंचाती हैं। केंद्र पर कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाता है। यहां करीब 18 से 20 श्रेणियों में कचरे का पृथक्करण किया जाता है।

नए वाहन के मिलने से पर्यावरण सखियों के काम को और व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। साथ ही गांवों में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कचरा संग्रहण वाहन सौंपे जाने के अवसर पर खंड विकास कार्यालय रायपुर में बैठक भी हुई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा ने की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख सरोजनी ज्वाड़ी, एबीडीओ मोहन लाल रतूड़ी, ग्राम प्रधान धनौला सोनिया थापा और स्वजल सामुदायिक विशेषज्ञ मंजू जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण सखियों के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांवों में नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था मजबूत होने से स्वच्छता अभियान को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम में वेस्ट वॉरियर्स की टीम के नवीन कुमार सदाना, विनोद सोलंकी और असलम खान के अलावा पर्यावरण सखी समूह की सदस्य आरती ज्वाड़ी, बीना रावत, पूजा, शांति सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top