Dehradun News

उत्तराखंड: दिवाली के गिफ्ट हैंपर से 10 महिलाओं ने कमाए 18 लाख रुपये

Ad

Women Empowerment : Uttarakhand News : Rural Business : उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं ने अपने हुनर और मेहनत से एक नई मिसाल पेश की है। सहसपुर के कोटरा कल्याणपुर गांव की 10 महिलाओं ने दीपावली और भैया दूज के मौके पर गिफ्ट हैंपर तैयार कर 18 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया। खास बात यह रही कि उनके बनाए पहाड़ी उत्पादों से सजे गिफ्ट हैंपर की दिल्ली की कंपनियों में खूब मांग रही। समूह को 650 से अधिक गिफ्ट हैंपर के ऑर्डर मिले…जिन्हें तय समय पर तैयार कर भेजा गया।

ADVERTISEMENTS Ad

यह सफलता सहसपुर विकासखंड के दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिली है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी इन महिलाओं को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का मौका दिल्ली स्थित सरस गैलरी के माध्यम से मिला। यहां उत्पादों की प्रदर्शनी के बाद समूह की पहचान बड़ी कंपनियों और संस्थानों तक पहुंची। इसके बाद त्योहारी सीजन में उन्हें बड़े ऑर्डर मिलने लगे।

समूह की अध्यक्ष नमिता रावत नेगी ने कहा कि महिलाओं ने 650 से अधिक गिफ्ट हैंपर तैयार किए। प्रत्येक हैंपर की कीमत 2,000 से 3,000 रुपये के बीच रही। इनकी बिक्री से समूह ने 18 लाख रुपये से अधिक की कमाई की। महिलाओं ने सभी ऑर्डर समय सीमा के भीतर तैयार कर दिल्ली भेजे।

इन गिफ्ट हैंपर की सबसे बड़ी खासियत इनमें शामिल उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद रहे। महिलाओं ने हैंपर में बुरांश का जूस, सेब का जैम, शहद, आम और नींबू की चटनी, पहाड़ी नमक, बिस्किट के साथ हाथों से बनाई गई मोमबत्तियां और दीये शामिल किए। आकर्षक पैकिंग के साथ तैयार इन हैंपर ने त्योहारों पर उपहार के लिए पहाड़ी उत्पादों को एक नया बाजार दिया।

सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार ने बताया कि सरस गैलरी जैसे राष्ट्रीय मंच ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इससे स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय बाजार से बाहर निकलकर बड़ी कंपनियों और संस्थानों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि दून गूजबेरी फार्म समूह की महिलाओं ने बेहतर तालमेल और मेहनत से मिले सभी ऑर्डर समय पर पूरे किए। इससे समूह की आय बढ़ने के साथ अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दून गूजबेरी फार्म समूह की यह उपलब्धि दिखाती है कि सही प्रशिक्षण और बाजार मिलने पर गांव की महिलाएं भी बड़े व्यावसायिक ऑर्डर पूरे कर सकती हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top