Uttarakhand News

वंदना कटारिया को 25 लाख रुपए देगी उत्तराखंड सरकार,CM का वादा नई खेल नीति लागू करेंगे

हल्द्वानी:टोक्यो ओलंपिक में पदक हासिल ना करने के बाद भी हॉकी महिला टीम पर पूरे देश को गर्व है। गंभीर हालातों से निकलकर उन्होंने आखिरी वक्त तक पदक के लिए चुनौती पेश की है। इस मुश्किल वक्त में पूरा देश उनके साथ है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन गोल दागने वाली हरिद्वार निवासी वंदना कटारिया को उत्तराखंड सरकार सम्मान देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की घोषणा की है। वंदना कटारिया भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने ओलंपिक में हैट्रिक जमाई है।

सीएम धामी ने कहा कि वंदना ने पूरी दुनिया में उत्तराखंड का नाम रौशन किया है। उनका यह प्रदर्शन लाखों बेटियों को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी ही खेल का भविष्य बदलता है और मुझे लगता है कि हॉकी में ये पल आ गया है।

दोनों ही वर्ग में भारतीय हॉकी टीम ने कमाल का खेल दिखाया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही राज्य में एक नई आकर्षक खेल नीति लागू की जाएगी। इस नीति में विशेष रूप से युवाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभा का विकास करने के लिए आॢथक प्रोत्साहन का प्रविधान शामिल होगा। बता दें कि अंतिम मुकाबले में भारत को ग्रेट ब्रिटेन ने 4-3 से हराया लेकिन रियो ओलंपिक में अंतिम पायदान में रही टीम इंडिया टोक्यो में इतिहास रच देगी ये किसी ने सोचा नहीं था। सभी फैंस को उम्मीद है अब भारत के राष्ट्रीय खेलों के दिन बदलेंगे।

To Top