Uttarakhand News

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ भूस्खलन,ड्यूटी कर रहे उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल की मौत

देहरादून: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब मुसीबत बन गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन हो रहा है। वहीं एक इस तरह के हादसे में पुलिस कांस्टेबल की मौत होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस कांस्टेबल डाबरकोट में तीर्थयात्रियों के वाहनों को सुरक्षित पास कराने के लिए तैनात किया गया था।

कांस्टेबल की पहचान चमन तोमर निवासी बानसू लखवाड़ चकराता देहरादून डाबरकोट के रूप में हुई है। रविवार को चमन यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाबरकोट भूस्खलन जोन से वाहनों को सुरक्षित पास करा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और चमन की इसकी चपेट में आ गए, जिसके बाद वो चोटिल हो गए।

तीर्थयात्री ने चोटिल कांस्टेबल को देखा तो तुरंत अपने वाहन में बैठा दिया। वो अपने वाहन से घायल कांस्टेबल को सीएचसी बडकोट लेकर गए लेकिन उनकी मौत हो गई। थाना बडकोट के अंतर्गत स्याना चट्टी पुलिस चौकी में चमन तोमर की ड्यूटी थी। उनकी मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। चारधाम यात्रा के दौरान लोगों की मदद करने वाले चमन इस तरह से दुनिया को अलविदा कह देंगे किसी ने सोचा नहीं था।

To Top