Uttarakhand News

दिल्ली में धामी ने संभाला भाजपा के लिए मोर्चा,केजरीवाल पर साधा निशाना

Ad

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत मटियाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी संदीप सहरावत के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा में दिल्ली की जनता को संबोधित करते हुए कहा, “दिल्ली की राष्ट्रवादी जनता अब आम आदमी पार्टी के असली चेहरे को पहचान चुकी है। भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और सनातन विरोध में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों एक-दूसरे के साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि इस विधानसभा चुनाव में जनता-जनार्दन ऐसी पार्टियों की जमानत जब्त करवाते हुए भाजपा को विजयी बनाएगी।”

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात की और बताया कि उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां समान नागरिक संहिता कानून लागू किया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने अपने भाषण में अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण के संबंध में कहा कि, “अयोध्या में श्री राम मंदिर बनाने के लिए अनेक कार सेवकों ने अपने प्राणों की आहुति दी। एक लंबे संघर्ष के बाद आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भव्य श्री राम मंदिर के निर्माण का स्वप्न पूरा हो रहा है।”

मुख्यमंत्री धामी ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “दिल्ली में यमुना नदी की स्वच्छता को लेकर अरविंद केजरीवाल ने केवल राजनीतिक रोटियां सेंकी हैं। मां यमुना की स्वच्छता को लेकर केजरीवाल लगातार झूठ बोल रहे हैं और इस बार जनता उनके झूठ को समझ चुकी है।”

मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा की नीतियों को प्रमुखता से उजागर करते हुए कहा, “उत्तराखंड में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने राज्य के समग्र विकास को सुनिश्चित किया है। वहीं दिल्ली में आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति ने दिल्ली की समस्याओं को और बढ़ाया है।”

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने विस्तारक अमित सिंह को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

जनसभा के दौरान हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, लोकसभा सांसद कमलजीत सहरावत, दर्जा राज्य मंत्री विनय रोहिला समेत स्थानीय पार्टी पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top