Uttarakhand News

उत्तराखंड अल्मोड़ा में बैंक मैनेजर कोरोना संक्रमित, संपर्क में आए 15 लोग

Ad

अल्मोड़ा: जिले में कल चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में एक बैंक मैनेजर, उनकी बेटी और नायब तहसीलदार भी शामिल है। कल चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट आने के बाद अल्मोड़ा जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 224 पहुंच गया है। जिले में एक्टिव केस की संख्या 21 हो चुकी है। निजी बैंक मैनेजर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए 15 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इसके बाद बैंक भी बंद करवा दिया गया।

ADVERTISEMENTS Ad

खबरों की मानें तो नगर के निजी बैंक प्रबंधक लॉकडाउन से पहले अपने घर बरेली गया था। लॉकडाउन के कारण वह वहीं फंसा रह गया। कुछ दिन पहले घर से लौटने पर उसे अल्मोड़ा में ही क्वारंटाइन कर दिया गया था। सोमवार को क्वारंटाइन अवधि पूरी करने के बाद वह ड्यूटी पर लौटा। सोमवार को ही बरेली में उसके भाई की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। भाई में कोरोना की पुष्टि होने पर हाईरिस्क कांटेक्ट में आए मैनेजर के भी कोरोना सैंपल लिए गए। अगले दिन आधे दिन बाद बैंक में सुगबुगाहट के चलते कामकाज बंद कर दिए गए थे।

रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अब बैंक कर्मचारियों समेत अन्य लोगों में हड़कंप मच है। बुधवार को बैंक बंद कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मैनेजर नगर के क्वारंटीन सेंटर बने एक होटल में क्वारंटाइन था। एहतियात के तौर पर क्वारंटाइन मैनेजर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अब उसके संपर्क में आए होटल में रह रहे गेस्ट और कर्मचारियों समेत कुल 15 लोगों के जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। मैनेजर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से ही बाजार में अफवाहों का बाजार गरमाया रहा।

उत्तराखंड में अब कोरोना वायरस के कुल मामले 5300 हो गए हैं जबकि कुल 3349 मरीजों ने कोरोना वायरस को हराया। रिकवरी रेट की बात करें तो पिछले 10 दिन में वह 80 प्रतिशत से गिर कर 66.71 पर आ गया है। राज्य में कोरोना वायरस के चलते 57 लोगों की जान गई है। बुधवार को उत्तराखंड में एक बार फिर कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले देखने को मिले हैं। कुछ देर पहले जारी हुए मेडिकल बुलेटिन के अनुसार राज्य में 451 मामले सामने आए हैं और 52 मरीज कोरोना वायरस को हराकर घर लौटे हैं। इसके अलावा 2 मरीजों की मौत हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top