Uttarakhand News

उत्तराखंड में फिर पलटी मारेगा मौसम! कुल पांच जिलों में बारिश व बर्फबारी के आसार

Ad

हल्द्वानी: जैसे-जैसे फरवरी निकल रही है, मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। अब उत्तराखंड के कई इलाकों में चटक धूप खिलने लगी है। रोज धूप खिलने से तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। कई जगहों का अधिकतम तापमान पहले की तुलना में बढ़ गया है। लेकिन मौसम विभाग की मानें तो मौसम दोबारा करवट ले सकता है। उत्तराखंड में एक बार फिर से बारिश हो सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad

गौरतलब है कि इस बार सर्दी के साथ-साथ बारिश ने भी जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। उत्तराखंड के तमाम इलाकों में बारिश हुई। पर्वतीय इलाकों में बर्फ गिरी तो मैदानी इलाकों में बारिश ने सर्दी बढ़ाई। ऐसे में बीते कुछ दिनों से लगातार धूप खिलने से लोगों के चेहरे पर राहत देखी जा रही थी। लेकिन अभी सर्दियों को पूरी तरह जाने में थोड़ा सा वक्त है।

ऐसा राज्य मौसम विज्ञान केंद्र की ताजा रिपोर्ट से पता चलता है। दरअसल मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं पर बारिश हो सकती है। मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने जानकारी दी और बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने के कारण फिर से बारिश के हालात बन रहे हैं।

हालांकि, बीते एक सप्ताह से ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ है और चटख धूप खिल रही है। लेकिन शुक्रवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। निदेशक बिक्रम सिंह की मानें तो इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और हिमपात की आशंका है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top