
Leopard Attack | Haldwani | Vijaypur : कालाढूंगी के विजयपुर गांव में गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है। देर शाम गुलदार ने गांव में 10 साल के अंश पर अचानक हमला कर दिया। अंश ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह गुलदार के हमले से खुद को बचा लिया।
बताया जा रहा है कि अंश गांव में था…तभी अचानक गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से बच्चा घबरा गया…लेकिन उसने हिम्मत नहीं छोड़ी। अंश किसी तरह गुलदार के चंगुल से निकलकर सुरक्षित बच गया। घटना के बाद परिजनों ने उसका उपचार कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी सक्रिय हुई। गदगदिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी जगदीश जोशी ने बताया कि विभाग को घटना की जानकारी है। अंश का उपचार कराया गया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़ित को मुआवजा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
गुलदार के हमले की खबर सामने आने के बाद विजयपुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। शाम होते ही लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर ज्यादा सतर्क हो जाते हैं और घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि गुलदार की सक्रियता को देखते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाने जरूरी हैं…ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।






