Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी निवासी व्लॉगर सौरव जोशी ने विवाद के बाद मांगी माफी

हल्द्वानी: भारत के सबसे बड़े व्लॉगर सौरव जोशी की बीते कुछ दिनों से खूब आलोचना हो रही थी। हल्द्वानी उत्तराखंड पर उनके विवादित बयान ने पूरे प्रदेश भर में हंगामा खड़ा कर दिया था। लोग तरह तरह के सवाल खड़े कर रहे थे। मगर अब सौरव जोशी ने व्लॉग के माध्यम से ही माफी भी मांग ली है।

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले जब सौरव जोशी उत्तराखंड पुलिस के कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे थे तो उन्होंने अपने एक व्लॉग में यह कहा था कि हल्द्वानी और उत्तराखंड को लोग मेरी वजह से जानते हैं और इस बात के लिए मुझे बड़ी खुशी होती है। इस एक बयान के बाद हल्द्वानी और उत्तराखंड के लोगों ने उनकी खूब आलोचना की।

बात यहां तक आ गई कि सौरव जोशी का पुतला भी फूंका गया। उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा शुरू करने की भी मांग की गई। लोगों का कहना था कि हल्द्वानी और उत्तराखंड की पहचान सौरव जोशी से भी पहले की है। ऐसे में उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए था।

अब सौरव जोशी ने अपने व्लॉग में कहा है कि लोगों ने उनके बयान को गलत तरह से लिया। उनका कहना केवल इतना था कि वह उत्तराखंड और हल्द्वानी का नेतृत्व करते हैं। किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का उनका कोई इरादा नहीं था। सौरव जोशी ने कहा अगर फिर भी किसी को उनकी बात का बुरा लगा हो तो वह माफी मांगते हैं।

To Top