Dehradun News

उत्तराखंड में मौसम विभाग का अपडेट, इन दो जिलों में हो सकती है भारी बारिश…

Ad

देहरादून: रविवार को राजधानी में मौसम सामान्य रहा और दिनभर धूप खिली रही…लेकिन शनिवार की शाम को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। चटख धूप के बाद देर शाम तेज अंधड़, गरज-चमक और बौछारों ने शहर को हिला कर रख दिया। मौसम की इस अचानक बदली चाल से जनजीवन प्रभावित हुआ और बाजारों से लेकर सड़कों तक अफरा-तफरी मच गई।

ADVERTISEMENTS Ad

अंधड़ की वजह से कई स्थानों पर पेड़ गिरने की खबरें आईं। तहसील चौक के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा शहर में कई जगह बोर्ड और होर्डिंग्स उड़ गए…जिससे यातायात भी कुछ देर के लिए बाधित रहा।

अंधड़ के समय शहर की सड़कों और बाजारों में मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में दौड़ पड़े। कुछ ही देर में बाजारों में सन्नाटा पसर गया। कई जगहों पर आकाशीय बिजली की तेज चमक और गरज ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया। इस तेज अंधड़ और बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली…वहीं शहर का सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले समय में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है…जिसके लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और हल्की बौछारें पड़ने की आशंका जताई गई है। निचले इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी बादल छाये रह सकते हैं और तेज हवाओं के झोंकों की स्थिति बन सकती है। प्रशासन और यात्रा से जुड़े अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top