Bageshwar News

उत्तराखंड में यहाँ स्कूल जाते समय बाबू ने प्रधानाचार्य की चाकू से गोदकर की हत्या

Ad

Bageshwar | Principal Murder | Uttarakhand Crime : उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की स्कूल जाते समय चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

सैंज निवासी 55 वर्षीय दयानंद टम्टा रोज की तरह शनिवार सुबह विद्यालय के लिए निकले थे। वह अपनी गाड़ी मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे और वहां से पैदल स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय जाने वाले रास्ते में पहले से मौजूद विद्यालय के बाबू नवल किशोर ने उन पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया…लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।

क्षेत्राधिकारी बागेश्वर मनीष शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हत्या के पीछे की वजह और दोनों के बीच किसी पुराने विवाद सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

घटना की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। विद्यालय में शोक की लहर है….जबकि शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top