Pauri News

उत्तराखंड: 12 साल की सनाया ने सीनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में जीते 3 पदक, अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम

Ad

Sanaya Bhandari | Archery Championship | Uttarakhand Sports : उत्तराखंड की 12 वर्षीय तीरंदाज सनाया भंडारी ने अपनी प्रतिभा से एक बार फिर सबका ध्यान खींचा है। टिहरी गढ़वाल में 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित 9वीं सीनियर स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप में सनाया ने दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। अब उनका चयन नवंबर में मेघालय के शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

ADVERTISEMENTS Ad

श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली सनाया की खास बात यह है कि वह महज 12 साल की उम्र में सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कर रही हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 130 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। अनुभवी खिलाड़ियों के बीच सनाया ने सटीक निशानेबाजी के दम पर तीन पदक अपने नाम किए।

तीन स्पर्धाओं में हासिल किए पदक

प्रतियोगिता में सनाया ने रैंकिंग स्पर्धा में रजत पदक जीता। इस मुकाबले में उन्होंने अल्मोड़ा की एक डॉक्टर खिलाड़ी को पीछे छोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य और मिक्स टीम मुकाबले में रजत पदक हासिल किया।

कोच कुलदीप बिष्ट से मिल रहा मार्गदर्शन

सनाया की इस सफलता के पीछे उनके नियमित अभ्यास और कोच कुलदीप बिष्ट का मार्गदर्शन अहम है। प्रशिक्षण के दौरान तकनीक और निशानेबाजी में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया। इसी तैयारी के दम पर सनाया ने कम उम्र में सीनियर वर्ग की चुनौती का सामना करते हुए पदक जीते।

पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर दिखा चुकी हैं प्रतिभा

सनाया देहरादून के सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा हैं। इससे पहले भी वह कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। हाल ही में आयोजित सीबीएसई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में उन्होंने 30 मीटर इंडियन राउंड के व्यक्तिगत मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता था। सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप के अंडर-14 वर्ग में भी उन्होंने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे।

जून 2025 में नैनीताल में हुई राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक जीता था। इसके अलावा वह मार्च 2025 में आंध्र प्रदेश और नवंबर 2025 में अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं।

माता-पिता भी बढ़ा रहे हौसला

सनाया की इस उपलब्धि में उनके परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। उनकी मां आरती भंडारी श्रीनगर नगर निगम की महापौर हैं….जबकि पिता लखपत सिंह भंडारी पूर्व जिला पंचायत सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। व्यस्तता के बावजूद परिवार बेटी के खेल और अभ्यास को आगे बढ़ाने में उसका साथ दे रहा है।

अब सनाया की नजर नवंबर में शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है। राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में तीन पदक जीतने के बाद वह राष्ट्रीय मंच पर भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटेंगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top