Udham Singh Nagar News

उत्तराखंड: लेखपाल भर्ती परीक्षा देने वाले 22 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या

उधमसिंह नगर: प्रदेश में भर्ती परीक्षा में धांधली के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और साथ में राज्य के सभी बेरोजगार युवाओं की चिंता भी बढ़ती जा रही है। प्रदेश सरकार लगातार युवाओं का साथ देने का वादा और दावा तो कर रही है। मगर धरातल पर युवाओं को प्रोत्साहन नहीं मिल पा रहा है। अब जसपुर के एक गांव से 22 वर्षीय युवक की खुदकुशी का मामला सामने आया है, जिसने रविवार को आयोजित हुई लेखपाल भर्ती परीक्षा भी दी थी।

जानकारी के अनुसार भगवतपुर गांव में 22 वर्षीय रजत पुत्र करतार सिंह ने फांसी पर लटक कर अपनी जान दे दी, जिसके बाद से पूरे परिवार में कोहराम की स्थिति पैदा हो गई है। ग्रामीणों की माने तो रजत सोमवार की रात को करीब 9:00 बजे खाना खाकर अपने कमरे में चला गया था। मगर उसके कुछ देर बाद ही उसने फंदे पर लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

पिता को जैसे ही बेटे के कृत्य के बारे में पता चला तो उन्होंने तुरंत उसे रस्सी काट कर नीचे उतारा और स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे काशीपुर रेफर कर दिया था। मंगलवार को काशीपुर से डॉक्टरों ने उसे मुरादाबाद रेफर किया। मगर इससे पहले ही रजत ने दम तोड़ दिया और रजत पूरे परिवार को रोते बिलखते छोड़ गया।

बता दें कि बीते दिन ही रजत का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। एसपी अभय सिंह ने बताया कि इसके पीछे कारणों की जांच की जाएगी। आपको बता दें कि रजत का बड़ा भाई दारा सिंह एक फैक्ट्री में कार्यरत है तो वहीं उसके पिता किसानी करते हैं। जिला पंचायत सदस्य के पति राजीव कुमार ने जानकारी दी और बताया कि रजत दो बार फौज की परीक्षा दे चुका था।

रजत की मौत से जुड़ी एक और बात सामने आई है। कहा जा रहा है कि फौज की परीक्षा में फिटनेस की वजह से भर्ती नहीं होने के अलावा रजत ने रविवार को आयोजित हुई लेखपाल भर्ती की परीक्षा भी दी थी और परीक्षा के बाद रजत ने अपने बड़े भाई को कॉल कर कहा था कि मुझे नौकरी नहीं मिलने वाली। इसके बाद ही उसने खुदकुशी कर ली। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार भर्तियों में हो रही धांधली से वो आहत था।

To Top