
Uttarakhand: Aakash Madhwal: IPL: Cricket: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में जहां चेन्नई सुपर किंग्स चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही है, वहीं अब टीम को एक नई उम्मीद उत्तराखंड के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल के रूप में मिली है। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूरे सीजन से बाहर होने के बाद CSK ने मधवाल को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ा है।
उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाले 32 वर्षीय आकाश मधवाल पहले भी आईपीएल में अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवा चुके हैं। वह मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। खासतौर पर 2023 सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 5 रन देकर 5 विकेट लेकर उन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था।
आईपीएल करियर की बात करें तो मधवाल अब तक 17 मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं, जिसमें उनका औसत 25.65 और इकॉनमी 10.06 रही है। उनकी गेंदबाजी में डेथ ओवर्स की धार और विकेट लेने की क्षमता उन्हें खास बनाती है।
ऐसे में उत्तराखंड के इस खिलाड़ी के लिए CSK में यह मौका खुद को फिर से साबित करने का बड़ा मंच माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आकाश मधवाल अपने प्रदर्शन से टीम को कितनी मजबूती दे पाते हैं और इस सीजन में CSK के लिए कितने कारगर साबित होते हैं।






