
Adi Kailash Yatra 2026 | Om Parvat यात्रा | Inner Line Permit | Dharchula News | Uttarakhand Tourism : पिथौरागढ़ जिले के धारचूला से बड़ी खबर है, जहां प्रसिद्ध आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को तहसील सभागार में आयोजित बैठक में यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विस्तृत मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 1 मई से यात्रा शुरू होते ही इनर लाइन परमिट जारी किए जाएंगे। ये परमिट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगे। इसके लिए आधार कार्ड, मेडिकल सर्टिफिकेट, पुलिस वेरिफिकेशन और फोटो अनिवार्य होंगे।
बैठक में पेयजल, सड़क, शौचालय, घोड़े-खच्चर, गैस आपूर्ति और यात्री सुविधाओं को लेकर अहम निर्देश दिए गए। गुंजी क्षेत्र में पेयजल संकट को देखते हुए जल निगम को पंप दुरुस्त करने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं बीआरओ को सड़क मरम्मत और संवेदनशील स्थानों पर मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने साफ किया कि बिना टैगिंग और बीमा के घोड़े-खच्चरों का संचालन नहीं होगा। साथ ही बिना पंजीकरण कोई भी होमस्टे संचालित नहीं किया जा सकेगा। टॉयलेट और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद इस यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। वर्ष 2025 में करीब 36,600 यात्रियों ने आदि कैलास और ओम पर्वत के दर्शन किए थे।
प्रशासन का दावा है कि अप्रैल अंत तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी….ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।






