Dehradun News

उत्तराखंड में झमाझम बारिश, स्कूलों में छुट्टी–सड़कों पर मलबा ही मलबा

uttarakhand weather update
Ad

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने आज भी देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट दिया गया है। अन्य जिलों में भी तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

मौसम के इस बिगड़े मिजाज को देखते हुए टिहरी जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अशासकीय स्कूलों पर लागू होगा।

बारिश से जनजीवन सबसे ज्यादा सड़कों के बंद होने से प्रभावित हुआ है। सोमवार को प्रदेश भर में एक राष्ट्रीय राजमार्ग और दस राज्यमार्ग समेत कुल 121 सड़कें मलबा आने से बंद हो गईं। हालांकि, देर शाम तक राहत दलों ने इनमें से 28 सड़कों को आवाजाही के लिए खोल दिया, लेकिन अभी भी 93 सड़कें बंद पड़ी हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक विकासनगर-बड़कोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा के पास भारी मलबा गिरने से रास्ता बंद हो गया था। इसके अलावा चमोली में एक, देहरादून में दो, पौड़ी में तीन और टिहरी में चार राज्यमार्ग मलबा आने से ठप हो गए।

ग्रामीण सड़कों की हालत भी खराब है। अल्मोड़ा की दो, बागेश्वर की सात, चमोली की 14, देहरादून की आठ, नैनीताल की तीन, पौड़ी की 20, पिथौरागढ़ की 11, रुद्रप्रयाग की सात, टिहरी की आठ और उत्तरकाशी की 13 सड़कों पर अभी भी मलबा पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत व बचाव कार्यों को तेज कर दिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top