Almora News

उत्तराखंड में यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा, सोते समय घर में घुसा मलबा; परिवार के 3 लोगों की गई जान

Ad

Almora Landslide | Uttarakhand Rain | Rescue Operation : पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले से दर्दनाक हादसा सामने आया है। हवालबाग विकासखंड के ओडयूड़ा गांव में भारी मलबा एक मकान में घुस गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब चार बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को 112 के माध्यम से मिली। बताया गया कि एक मकान में मलबा घुसने के कारण कुछ लोग अंदर दब गए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।

दीवार तोड़कर घर में घुसा मलबा

बताया गया कि मकान के पीछे की ओर से भारी मलबा आया और दीवार को तोड़ते हुए घर के अंदर घुस गया। मकान के एक हिस्से में परिवार के बुजुर्ग मौजूद थे…जो सुरक्षित बच गए। वहीं दूसरे कमरे में परिवार की बहू, उनका बेटा और बेटी सो रहे थे। तीनों मलबे में दब गए।

राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया…लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमों ने चलाया रेस्क्यू

हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीओ रानीखेत, एसडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।

रास्ते में मलबा आने के बावजूद बचाव टीमों को समय पर घटनास्थल तक पहुंचाया गया। मौके पर दो एंबुलेंस भी भेजी गई थीं।

तीन जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा

रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद अब तीन जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार सड़क को खोल दिया गया है…और बाकी मलबा भी साफ किया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से जल्द मुआवजा प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन ने स्थिति सामान्य बताई है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top