Dehradun News

कल देहरादून में गरजेंगे अमित शाह, 1500 करोड़ की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

Ad

Amit Shah Uttarakhand Visit | Dehradun Public Meeting | Uttarakhand Development : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी देहरादून में तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अमित शाह परेड ग्राउंड में आयोजित पदयात्रा और जनसभा में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में होने वाले राजकीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य को 1500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

गृह मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए भाजपा संगठन और जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने परेड ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, सुरक्षा, बैठने और अन्य जरूरी इंतजामों की जानकारी ली।

भाजपा की ओर से यह कार्यक्रम ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने देहरादून, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया है। जनसभा को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां पदयात्रा में शामिल होने के बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद गृह मंत्री पुलिस लाइन जाएंगे। यहां आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। यह पुलिस बल के लिए महत्वपूर्ण सम्मान है।

अमित शाह के दौरे के दौरान उत्तराखंड में 1500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इससे प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस कार्यक्रम को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया है।

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस ने शहर में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन रहेगा। जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहे और लैंसडाउन चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसके अलावा शहर के कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

धनतेरस की खरीदारी को देखते हुए भी पुलिस ने यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट प्लान जरूर देख लें।

कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों ने जवानों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सभी पुलिसकर्मियों को पहचान पत्र साथ रखने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। वीवीआईपी क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भी रोक रहेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव है। उनके सहयोग से राज्य में कई अहम फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अमित शाह जनसभा को संबोधित करने के साथ ही पुलिस के राजकीय समारोह में भी शामिल होंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top