Uttarakhand News

टी-20 विश्वकप में भारत की हार के बाद उत्तराखंड में क्रिकेट फैंस ने तोड़ा TV, वीडियो हुआ वायरल

देहरादून: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट विश्वकप का जो रिकॉर्ड था वह बदल गया है। साल 1992 से भारत ने पाकिस्तान पर विश्वकप के 12 मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। इस लिस्ट में सात मुकाबले 50 ओवर विश्वकप के हैं तो वही 5 मुकाबले 20-20 विश्वकप के थे लेकिन अब पाकिस्तान ने भारत को हराकर इतिहास बदल दिया है। 24 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भारत को पाकिस्तान ने 9 विकेट हराया। विश्वकप में भारत को हराने में पाकिस्तान को 29 साल का इंतजार करना पड़ा।

भारत ने पाकिस्तान को 152 रनों का लक्ष्य दिया था। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज बाबर आजम और रिजवान खान ने बिना विकेट खोए मुकाबले को अपना नाम कर लिया। इस हार से भारतीय फैंस काफी निराश हैं। एक वीडियो सामने आया है जो उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल का बताया जा रहा है। इस वीडियो में गुस्साएं क्रिकेट फैंस टीवी तोड़ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। स्मार्ट हिंदुस्तान ट्विटर अकाउंट में डाले गए वीडियो को काफी लोगों ने देखा है। वीडियो में एक शख्स दुकान से बाहर निकलता है। उसके साथ 2-3 अन्य लोग भी हैं।

टी-20 विश्वकप में भारत को पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। अब उसके लिए जरूरी हो गया है कि वह बाकि मुकाबलों में जीत दर्ज करे। इसके अलावा उसे नेट रनरेट भी अच्छा रखना होगा नहीं तो टीम इंडिया की नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लग सकता है। भारत को अपना अगला मुकाबले न्यूजीलैंड के खिलाफ 31 अक्टूबर को खेलना है। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्वकप में जीत हासिल नहीं की है। साल 2007 और 2016 में उसे हार का सामना करना पड़ा था।

To Top