Chamoli News

पिता गांव में करते हैं खेती-बाड़ी, बेटी उत्तराखंड के लिए खेल रही है टी-20 ट्रॉफी

Ad

Arti Bhandari Cricket Selection: Uttarakhand Under 23 Women Team Update:

ADVERTISEMENTS Ad

उत्तराखंड की बेटियों को मिल रही सफलता दर्शाती है कि आज के समय उत्तराखंड किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। आज हम आपको एक और बेटी की सफलता के बारे में बताएंगे जिसका चयन उत्तराखंड अंडर 23 क्रिकेट टीम में हो गया है। जी हाँ, चमोली जिले के घंडियाल ग्राम पंचायत के फुलढुंगी तोक की निवासी आरती भंडारी का चयन उत्तराखंड महिला अंडर 23 क्रिकेट टीम में हुआ है। यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। बेहद सामान्य परिवार से आने वाली आरती की उपलब्धि युवाओं खासकर बेटियों के लिए मिसाल है।

साधारण परिवार की बेटी है आरती

बता दें कि आरती के पिता बचन सिंह, खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता बचुली देवी गृहणी हैं। बचपन से ही आरती को क्रिकेट का शौक था और वह अपने गांव के खेतों में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेला करती थीं। आरती की प्रारंभिक शिक्षा राप्रावि फुलढुंगी से हुई, जबकि माध्यमिक शिक्षा उन्होंने जनता इन्टर कॉलेज घड़ियाल से प्राप्त की।

घर से दूर रहकर पहुंची लक्ष्य के पास

चार साल पहले, आरती अपने चाचा अमर सिंह के साथ देहरादून आ गईं, जो सेना में कार्यरत हैं, और वहीं रहकर उन्होंने क्रिकेट की ट्रेनिंग भी ली। अब उनका यह सफर एक बड़ी उपलब्धि की ओर बढ़ चुका है, और आज वह उत्तराखंड महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बन चुकी हैं।

पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

उनकी इस सफलता के बाद से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है, और उन्हें लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि यदि किसी युवा के पास जुनून और लक्ष्य हो, तो साधारण परिवार से होने के बावजूद भी वह बड़े मुकाम तक पहुंच सकता है। बता दें कि उत्तराखंड ने पहले पांच मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है और चार में जीत मिली है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top