Nainital-Haldwani News

बाबा ने मुझे अपने घर बुला लिया…अमेरिका से पहुंचे भक्त ने कैंची धाम में साझा किया भावुक अनुभव

Ad

Kainchi Dham | Neem Karoli Baba | Max Williams : Neem Karoli Baba के 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान अमेरिका से पहुंचे भक्त Max Williams ने बाबा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि कैंची धाम पहुंचकर उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे स्वयं बाबा ने उन्हें अपने घर वापस बुला लिया हो।

ADVERTISEMENTS Ad

मैक्स विलियम्स ने कहा कि वर्ष 2020 में आध्यात्मिक प्रवचनों और संतों के विचारों से प्रेरित होकर उनका रुझान अध्यात्म की ओर बढ़ा। इसके बाद उन्होंने अपना जीवन बाबा नीब करौरी महाराज की शिक्षाओं और सेवा कार्यों के लिए समर्पित कर दिया। वर्तमान में वह अमेरिका में रहकर बाबा के संदेशों के प्रचार-प्रसार से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि साथी भक्तों के सहयोग से उन्हें पहली बार कैंची धाम आने का अवसर मिला। इस यात्रा को अपने जीवन का विशेष अनुभव बताते हुए मैक्स भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचते ही उन्हें अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।

मैक्स ने कहा, “कैंची धाम का वातावरण बेहद दिव्य है। यहां के लोग बहुत सहयोगी और दयालु हैं। जैसे ही मैंने इस पवित्र भूमि पर कदम रखा, मुझे महसूस हुआ कि बाबा ने मुझे अपने घर वापस बुला लिया है।”

स्थापना दिवस के मौके पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच उन्होंने पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उनका कहना था कि सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए किए गए इंतजाम सुव्यवस्थित हैं…जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन करने में काफी सुविधा मिल रही है।

कैंची धाम के स्थापना दिवस पर हर वर्ष की तरह इस बार भी देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं और बाबा के जयकारों से पूरा धाम गूंज रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top