Sports News

रणजी में उत्तराखंड का A-One प्रदर्शन, विरोधी टीम ने केवल 86 रन पर घुटने टेके

Ad

देहरादून: रणजी ट्रॉफी में उत्तराखंड क्रिकेट टीम का प्रदर्शन अच्छा रहता है। मगर ये सीजन कुछ खास है। इस बार टीम की गेंदबाजी कुछ अलग ही रंग में दिख रही है। बड़ोदा के खिलाफ सीजन के छठे मुकाबले में टीम ने पहली पारी में गजब खेल दिखाया है। उत्तराखंड टीम के तेज गेंदबाजों की तिकड़ी ने बड़ोदा को सिर्फ 86 रन पर ढेर कर दिया है। अब इस सीजन तीन बार उत्तराखंड ने विरोधी टीम को 100 से भी कम पर ऑल आउट किया है।

ADVERTISEMENTS Ad

बता दें कि देहरादून की अभिमन्यू क्रिकेट एकेडमी पर उत्तराखंड का बड़ोदा के खिलाफ मुकाबला जारी है। जिसमें बड़ोदा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा निराश किया। टीम ने 35.3 ओवर खेलते हुए 10 विकेट खोकर केवल 86 रन बनाए। बड़ोदा की तरफ से सर्वाधिक स्कोर भारगव भट्ट (23) का रहा।

वहीं, उत्तराखंड की गेंदबाजी की बात करें तो अग्रिम तिवारी ने पंजा खोला है। अग्रिम ने 13 ओवर में 40 रन देकर कुल पांच विकेट झटके। जबकि अन्य दो तेज गेंदबाज, दीपक धपोला और अभय नेगी को दो-दो विकेट हासिल हुए। स्पिनर मयंक मिश्रा ने भी एक विकेट अपने नाम किया। इसी के साथ पहली पारी में टीम को गेंदबाजों ने अच्छी स्थिति में खड़ा कर दिया है।

गौरतलब है कि पहले मुकाबले में नागालैंड को दूसरी पारी में उत्तराखंड ने केवल 25 रन पर ऑल आउट कर कीर्तिमान रचा था। फिर तीसरे मुकाबले की दूसरी पारी में हिमाचल प्रदेश को 49 रन पर ढेर किया था। उत्तराखंड के गेंदबाज अबतक इस सीजन की 10 पारियों में 97 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। जिनमें से उत्तराखंड ने विरोधी टीम को पांच बार 200 का आंकड़ा भी पार नहीं करने दिया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top