
Roorkee | FoodSafety | SauceFactory : हरिद्वार जिले के रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक अवैध सॉस फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान फैक्ट्री में भारी गंदगी के बीच सॉस तैयार किया जा रहा था। टीम ने करीब 8 कुंतल सॉस और बिना लेबल की 351 बोतलें बरामद कर मौके पर ही नष्ट करा दीं।
खाद्य सुरक्षा विभाग को लगातार बिना लेबल वाली सॉस की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर विभाग की टीम ने रुड़की के मतलबपुर गांव स्थित एक फैक्ट्री में छापा मारा। जांच में पाया गया कि सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज नहीं थी।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में बेहद अस्वच्छ माहौल में सॉस का निर्माण किया जा रहा था। मशीनों, फर्श और दीवारों पर गंदगी जमा थी…जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन हो रहा था। विभाग ने सॉस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
जांच में फैक्ट्री संचालक पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज भी नहीं दिखा सका। अनियमितताओं को देखते हुए लगभग 32 हजार कीमत का करीब 8 कुंतल सॉस नष्ट कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने फिलहाल फैक्ट्री में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। साथ ही फैक्ट्री के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। विभाग ने साफ कहा है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






