Almora News

अल्मोड़ा की भूमि राणा का 26 जनवरी की परेड के लिए हुआ चयन

Republic Day Parade: Almora at Kartavypath:

हमारे उत्तराखंड का हर निवासी साफ मन, नेक दिल और जोशीली धड़कनों से देश का स्वाभिमान बढ़ाने के लिए हमेशा से पहचाना गया है। यही हमारी जीवन जीने की शैली और यही देवभूमि के संस्कार हैं। भारत माता की सेवा और रक्षा एक निस्वार्थ कार्य है जिसके लिए उत्तराखंड के बेटों के साथ अब बेटियां भी कदम से कदम और कंधे से कंधा मिला कर गर्व के साथ चल रही हैं। जैसा की आप सब जानते हैं कि 26 जनवरी को पूरा भारत गणतंत्र दिवस मनाता है। इस दिन कर्तव्यपथ पर सभी राज्यों कि झांकियों के साथ सेना और NCC की परेड भी होती है।

अल्मोड़ा से आए दिन कई बड़ी ख़बरें आती हैं उनमें कुछ ख़बरें ऐसी होती हैं जिससे पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ जाता है। ऐसी ही एक और बड़ी खबर सुनकर आपको भी अल्मोड़ा की बेटी भूमि राणा पर गर्व होगा। जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत की छात्रा भूमि राणा इस बार गणतंत्र दिवस के दिन कर्तव्यपथ पर परेड करने वाली हैं। भूमि राणा 24 यूके गर्ल्स बटालियन एनसीसी अल्मोड़ा के अंतर्गत जेएनवी ताड़ीखेत की एनसीसी कैडेट हैं। 24 यूके गर्ल्स बटालियन की एएनओ एवं मुख्य अधिकारी अनुराधा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भूमि ने उत्तराखंड निदेशालय देहरादून द्वारा आयोजित विभिन्न शिविरों में प्रतिभाग करने के बाद ही उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है।

भूमि की इस उपलब्धि से गर्ल्स बटैलियन के साथ पूरा क्षेत्र और परिवार भी बहुत ज़्यादा खुश है। माता नीतू सिंह व पिता लेफ्टिनेंट लाखन सिंह राणा ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर उसे बधाई देते हुए सफल भविष्य की कामना भी की है। उत्तराखंड की बेटियों का यह जज़्बा जिस गति से सफलता का रूप ले रहा है उससे पूरे देश को प्रेरणा मिल रही है। उत्तराखंड की बेटियों का यह बढ़ता कद बिन बाधा-बिन अड़चन अविरल बढ़ता रहे हम भी यही कामना करते हैं।

To Top