CM Corner

धामी सरकार की बड़ी उपलब्धि, उत्तराखंड को एक साथ मिले 4 राष्ट्रीय पुरस्कार

Ad

PM Surya Ghar Yojana | Uttarakhand News | Pushkar Singh Dhami | Solar Energy | UPCL | Renewable Energy | National Award | Rooftop Solar : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को एक साथ चार राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उत्तराखंड को यह सम्मान प्रदान किया। राज्य की ओर से यह पुरस्कार उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के प्रबंध निदेशक जी. एस. बुदियाल ने प्राप्त किया।

केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा आयोजित इस समारोह में देशभर के राज्यों के प्रतिनिधि और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड को कम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में चार अलग-अलग क्षेत्रों में पहला स्थान मिलने पर सम्मानित किया गया। इनमें सबसे अधिक उपभोक्ता आवेदन, सबसे अधिक रूफटॉप सोलर स्थापना, सबसे अधिक डिस्कॉम निरीक्षण और सबसे अधिक विक्रेता पंजीकरण शामिल हैं।

राज्य में योजना के सफल संचालन के पीछे यूपीसीएल की सक्रिय भूमिका रही है। विभाग ने जन-जागरूकता अभियान, विशेष शिविरों, डिजिटल माध्यमों और स्थानीय स्तर पर संपर्क कार्यक्रमों के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को योजना से जोड़ा।

इसके साथ ही आवेदन प्रक्रिया, तकनीकी निरीक्षण, नेट मीटरिंग और सौर संयंत्र स्थापना जैसी सेवाओं को सरल और समयबद्ध बनाकर उपभोक्ताओं को सुविधा उपलब्ध कराई गई।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र परिवारों को घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाती है। इससे बिजली बिलों में कमी आने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है।

राज्य में योजना के प्रति बढ़ती रुचि को ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि आने वाले समय में अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठाकर सौर ऊर्जा से जुड़ेंगे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top