
Dehradun Transport | Transport | E-Ticketing | School Bus Safety : शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए संभागीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त गढ़वाल मंडल एवं RTA अध्यक्ष आनंद स्वरूप ने की। इस दौरान परिवहन से जुड़े 53 मामलों पर चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
स्कूल वाहनों में GPS और CCTV जरूरी
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बस, वैन समेत सभी स्कूल परिवहन वाहनों में GPS और CCTV लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा हर साल अधिकृत शोरूम से वाहनों का इलेक्ट्रिकल ऑडिट कराना होगा। इसकी रिपोर्ट वाहन में सुरक्षित रखनी होगी।
स्कूल बसों के चालक और परिचालक का भी हर साल स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा और इसका रिकॉर्ड वाहन में रखना जरूरी होगा।
छह महीने बाद ई-टिकटिंग होगी अनिवार्य
सार्वजनिक परिवहन को डिजिटल बनाने के लिए ई-टिकटिंग मशीन का ट्रायल शुरू किया जाएगा। पहले चरण में बड़ी स्टेज कैरिज बसों में इसका परीक्षण होगा। इसमें टीजीएमओ, विश्वनाथ सेवा, यातायात सेवा और सिटी बसों को शामिल किया गया है। ट्रायल पूरा होने के छह महीने बाद ई-टिकटिंग व्यवस्था अनिवार्य की जाएगी।
ई-रिक्शा और ई-ऑटो का होगा संयुक्त सर्वे
देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की में ई-रिक्शा और ई-ऑटो के संचालन को लेकर संयुक्त सर्वे कराया जाएगा। इसमें उन स्थानों की पहचान की जाएगी जहां यातायात का दबाव और जाम की समस्या अधिक है।
RTA अध्यक्ष ने ई-रिक्शा और ई-ऑटो में ओवरलोडिंग, नाबालिगों के वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। RTO प्रवर्तन को कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
देहरादून के ऑटो जॉलीग्रांट एयरपोर्ट तक जा सकेंगे
देहरादून केंद्र के ऑटो परमिट को लेकर भी अहम फैसला लिया गया है। RTA ने सामान्य 40 किलोमीटर की सीमा के बजाय देहरादून के ऑटो को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट और जॉलीग्रांट अस्पताल तक संचालन की अनुमति देने का निर्णय लिया है।
हरिद्वार और रुड़की में परमिट जारी होंगे
हरिद्वार और रुड़की में ऑटो और विक्रम के परमिट के लिए आवेदन मिलने पर नियमों के अनुसार परमिट जारी किए जाएंगे। वहीं ऋषिकेश में ऑटो परमिट को लेकर पहले संयुक्त सर्वे कराया जाएगा। सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर अगली RTA बैठक में फैसला लिया जाएगा।
टाटा मैजिक के रूट विस्तार पर रिपोर्ट मांगी
टाटा मैजिक के रूट विस्तार के मामले में पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है। अन्य संबंधित मामलों में हाईकोर्ट के फैसले के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यात्री सुविधाओं, सड़क सुरक्षा, दिव्यांगजनों की सुविधा और परिवहन व्यवस्था में तकनीकी सुधार पर भी चर्चा हुई। परमिट, मार्ग परिवर्तन, मार्ग विस्तार, समय विस्तार, उत्तराधिकार और वाहन प्रतिस्थापन समेत अन्य मामलों पर भी नियमों के अनुसार निर्णय लिए गए।
RTA अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को यात्रियों की जरूरतों के अनुसार बेहतर बनाया जाए और सड़क सुरक्षा के साथ यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाए। बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों को लेकर विस्तृत आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।






