CM Corner

दून विश्वविद्यालय के छात्रों को बड़ी सौगात, सीएम धामी ने दो इलेक्ट्रिक बसों की घोषणा की

Ad

Education | Youth | Dehradun : Pushkar Singh Dhami : दून विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ दीक्षारम्भ और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए और नए विद्यार्थियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभागों को मजबूत करने की बात कही गई। स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषा की पढ़ाई से जुड़े जरूरी पद भी बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में 11.20 करोड़ रुपये की लागत से बने बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17.39 करोड़ रुपये की लागत से बने केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम की शुरुआत भी की गई।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय अब बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम से जाना जाएगा। कम्युनिटी रेडियो के संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद भी बनाए जाएंगे।

सीएम धामी ने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए नई तकनीक और कौशल की जानकारी जरूरी है। सरकार शिक्षा को आधुनिक जरूरतों के अनुसार आगे बढ़ाने पर काम कर रही है।

विश्वविद्यालयों में एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा की सुविधाओं को मजबूत करने के साथ शिक्षकों की कमी दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शोध को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के तहत प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी सरकार सहयोग दे रही है। UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा पास करने वाले युवाओं को इंटरव्यू की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ नए विचारों, तकनीक और कौशल पर ध्यान देने की अपील की और कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top